गुरुवार, जुलाई 29, 2010

आज भी है वहीं खड़े हम


सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जी की कविता की ये पंक्तियां -
वह तोड़ती पत्थर इलाहाबाद के पथ पर
ना जाने कितने दिनों से मेरे मन को झकजोर कर रही थी। इन पंक्तियों ने मुझे अतीत के पन्नों पर गुम हो गया एक मर्मपर्शी वाकया याद करा दिया। तब देश में मंहगाई को लेकर तांडव नहीं मच रहा था। साल २००४ में दैनिक भास्कर फरीदाबाद से मेरा तबादला गुड़गांव ब्यूरों कर दिया गया था, जाने मैंनेजमेंट को क्या सूझी थी कि उसे मात्र तीन हजार की तनख्वाह पाने वाले रिपोर्टर को एनआरआई के पसंददीदा शहर गुड़गांव में भेजना मुफीद लगा। रिहायशी मंहगी होने के कारण में फरीदाबाद से ही गुड़गांव .अप -डॉउन करती थी..मेरे ऐसे ही एक सफर के दौरान अप्रैल माह की सुबह हरियाणा रोड़वेज फरीदाबाद की बस जब जाम लगने की वजह से कुछ देर के लिए गुड़गांव इफको चौक के पास जाकर रूकी। अनमने मन से मैं भी बाहर की तर्‌फ देखने लेगी। इतने कोलाहाल भरी सड़क पर जब सभी को अपने गंत्वय तक पहुंचने की जल्दी हो शायद मेरा भी ध्यान उस घटना की तरफ नहीं जाता, लेकिन एक दुधमुंहे बच्चे के क्रंदन ने मेरा ध्यान पेवामेंट की तरफ खींचा। एक मरियल सी कंजड़ महिला अपनी पंरपरागत मैली पोशाक में अपने वक्षों से लगाकर किसी तरह अपने बच्चे को चुप कराने का प्रयास कर रही थी। उसकी फटी चोली से दिख रहा शरीर उसके कुपोषण की कहानी बयान करने के लिए काफी था, मैं समझ गई की बच्चा क्यों रो रहा है। जब मां के अंदर कुछ नहीं होगा तो कैसे अपने बच्चे को स्तनपान करा पाएगी। वह महिला एक हाथ से बच्चे को थामें इधर-उधर कुछ ढूंढने का प्रयास कर रही थी, उसे पास में ही पड़ी एक सूखी रोटी दिख गई और वह तुंरत उस ओर चल दी। शायद आपको ये कल्पना लगे, लेकिन उस वक्त आए हवा के झोकें से वह रोटी उड़कर दूर जाने लगी तो वह महिला भी उस तरफ भागी, लेकिन हाय रे भाग्य दूसरी तरफ से एक कुत्ता भी उस रोटी पर नजर गड़ाए बैठा था और पलक झपकते ही वह रोटी ले भागा। ठगी सी नजरों से वह औरत रोते-बिलखते अपने बच्चे के साथ दूर तक उस कुत्ते को देखती रही.. जैसे कह रही हो इंसानों की इस दुनिया में जब मेरी नस्ल वालों ने ही मुझे नहीं पूछा तो तुम तो जानवर हो तुम से क्या गिला। ग्रीन सिग्नल हुआ और बस आगे बढ़ गई...इस वाकये ने मेरे अंदर कुछ ऐसा जोश पैदा किया कि मैंने गुड़गांव में उसी सीमित सेलरी जीने का मन बना लिया और इसके बाद मैं घर -परिवार से लेकर सभी को इस वाकये को सुनाकर खाना ना बरबाद करने का लेक्चर देने लगी। बार-बार कहती कि हम  लापरवाही से अन्न बरबाद करते है और दुनिया में लाखों लोगों के पेट पर लात मारते है। इस वाकये ने अनजाने में ही मुझे जीवन की एक बड़ी सीख दे दी। खैर बात आई गई हो गई, लेकिन कुछ समय से मंहगाई को लेकर जो बवाल मच रहा है। उस स्थिति को देखकर एकबार फिर से ये वाकया मेरे मानस पटल पर वापस उथल-पुथल मचाने लगा। हमारे देश की आधी आबादी तब भी भूखे मरती थी, जब मंहगाई नहीं थी और आज भी भूखी मर रही है, जब मंहगाई है इतने समय बाद भी विकास की अंधी दौड़ में सबसे तीव्र विकास के पथ पर अग्रसर विकासशील देश का तमगा लेकर खुश हो रहे हमारे देश की स्थिति में क्या वास्तव में सुधार आ पाया है। आजादी के पहले अंग्रेजी हुकूमत की वजह से आम इंसान खाने को तरसता था और आजादी के 60 सालों बाद भी वहीं स्थिति है। उस पर एक- दूसरे को नीचा दिखाने में लगी राजनीतिक पार्टियां स्थिति को सुधारने की बजाय और बदरंग करती है। मंहगाई को लेकर 5 जुलाई 2010 को विभिन्न राजनीतिक पार्टियों का देश व्यापी बंद लगभग 20 हजार करोड़ का आथिर्क नुकसान करा गया। इस बंद की जगह ये पार्टियां मंहगाई को काबू में करने के लिए कोई सार्थक पहल करती तो कुछ बात बन सकती थी, मसलन अपनी अकूत संपत्ति में से कुछ भाग ये राजनेता देश की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए दे सकते या फिर जब-तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब-तक अपने विभागीय खर्चों में कटौती कर पाते, नहीं लेकिन ऐसा नहीं है यहां तो अपने देश केंद्रीय कृषि मंत्री जैसे नेता है,जिन्हें आईसीसी अध्यक्ष पद मिल जाए तो उन्हें देश में मिली अन्य जिम्मेदारियां भारी लगने लगती है। लाखों टन अनाज सड़े, लोग भूखे मरे उन्हें इससे क्या लेना-देना,उनका पेट तो भर ही रहा है। दूसरी तरफ देश नाक बचाने के कॉमनवेल्थ गेम्स के नाम पर करोड़ो रूपए स्वाहा किए जा रहे है..अरे कोई इन्हें समझाए.. जो वर्तमान में हमारे देश की स्थिति है, जिसमे नक्सलवाद, आतंकवाद, मंहगाई का तांडव मचा है, क्या ये जगजाहिर नहीं है, इससे क्या देश की नाक नीचे नहीं हो रही है।  

रविवार, मार्च 21, 2010

कसक



तिनका- तिनका जोड़ कर बनाई गई जिन्दगी, जब धीरे-धीरे टूटती है।
तो उस दर्द का, उस जज्बाज का अहसास बड़ी मुश्किलों भरा होता है।
पल-पल टूटते रिश्तों को जोड़ने की कसक, हर क्षण पास होकर भी दूर होने की तड़प
और भी ना जाने कैसे-कैसे खौफनाक मंजर,दिलों-दिमाग से गुजर  जाते है, लेकिन दिल फिर भी कहता है कि  दोष तो उसका भी ना था और ना ही मेरा कसूर था शायद हर बार की तरह मेरी किस्मत को ये ही मंजूर था।

सिर्फ एक संबोधन ही तो था वो

किसी का दिया गया संबोधन कब आपकी ज़िन्दगी को एक नया मोड़ दे देता है, ये तो ना संबोधन देने वाले को पता होता है और ना ही संबोधन लेने वाले को, लेकिन बस वो स्मृतियों का एक ऐसा मेला आपके साथ जोड़ देता है, जो जीवन में नित नए सन्दर्भों के रूप में सामने आता है। सोनपरी एक ऐसा ही संबोधन है जो कभी अनजाने में ही कुछ इस तरह से जुड़ गया कि उससे दूर होना बेमानी से लगने लगा।
एक थी सोनपरी हरे-भरे पहाड़ों के बीच उसका बचपन बीता था। प्राकृतिक सौंदर्य के सानिध्य ने स्वतः ही उसे भी अपना सा ही निश्चछल और भोला स्वभाव दे दिया। यौवन की दहलीज पर कदम रखते ही सोनपरी का मन भी अनजाने अहसासों से डोलने लगा। उसके जीवन में भी इन अहसासों को नाम देने के लिए एक शख्स आया और सोनपरी उसकी होकर रह गई, लेकिन उसे क्या पता था कि जो शख्स उसके पंखों को कल्पना की नई उड़ान के सपने दिखा रहा है वहीं एक दिन अपनी भावनाओं में सोनपरी को पंखों को जला डालेगा उसे ताउम्र  के लिए  अपाहिज बना डालेगा..आज भी सोनपरी हंसती है, लेकिन उसकी हंसी की वो खनक अब उसके ही कानों को चुभती है और सोनपरी कह उठती है।


कितनी सरलता से अपनी सोनपरी को बहलाते हो तुम और वो मान भी जाती है।
लेकिन कभी सोचा सोनपरी की भी कुछ भावनाएं हैं। उसके पास भी कुछ अपनी मजबूरियां हैं।
तुम्हें ना भूल पाने की मजबूरी..तुम बिन जिंन्दगी को ना जी पाने का डर ...क्या कभी सोचा सोनपरी कैसे जिएगी, पहले रोती थी, निराश होती थी तो मन को समझा लेती थी, कि दूर-दूर तक ऐसा कोई भी नहीं है जो उसके आंसुओं का मोल समझे..फिर वीरान  तपते मैंदानों में बारिश  की बूंदों की तरह तुम आएं और वहीं हुआ जो बारिश के थम  जाने के बाद होता हैं... हां  फिर एक बार  मेरे मन का वीरान तपता मैदान  जीवन की कड़ी धूप में तपने को मजबूर था..तुम सबकुछ जानते थे तो फिर क्यों मुझे सपनों की दुनिया से जोड़ा और मेरी आंखों को सुनहरे सपने दिखाकर तुम खुद ही उन सपनों को रौंद कर चले गए....

और अब हरपल तुझे ढूंढती है मेरी आंखें 
कैसे कंहू कैसे गुजरते है लम्हें , सोचा था मेरे जीवन का खालीपनतुम भर दोगे। मेरे इस सूने जीवन में प्रभात भर दोगे। लेकिन सब मेरे मन की अबोध कल्पना ही थी.. बचपन में जब कोई खिलौना टूटा करता था था, तो नए खिलौने के आने से मन को ढांढस बंधता था। लेकिन अब तो ऐसा भी नहीं है, कैसे समझाऊं मैं इसको..जो मन अब समझने की हद भी पार कर चुका है।

रिश्तों से इतर भी है एक जहां





कब कैसे और कहां मानवीय संवेदनाएं रिश्तों का आकार लेती हैं कोई नहीं जानता , लेकिन रिश्तों से ईतर भी एक दुनियां होती है.जरूरत हैं तो सिर्फ उसे महसूस करने की।

आकाश से कोसों दूर धरती कभी आकाश क रिश्तों में बांधने की नहीं सोचती। बस निष्काम भाव से उससे मिली वर्षा की बूंदों को अपने में आत्मसात कर तृप्त होती हैं।

सागर की सीप भी मोती को रूप देकर उसे आभूषणों में सजने के लिए मुक्त कर देती है कलकलल करती नदियां सागर से मिलकर उसमें विलीन हो जाती है। लेकिन न तो कभी धरती आकाश से मिलकर, सीप मोती से मिलकर और ना ही नदी सागर से मिलकर इस भावना को कोई नाम देने का प्रयास करती हैं।.. तो फिर क्यों ये समाज मानव से हर रिश्ते का एक नाम मांगता है?

क्या दुनियां में हर भावना और अहसास को रिश्ते का नाम देना जरूरी है।

इस दुनियां में आंतरिक संवेदनाओं के लिए क्या कोई स्थान नहीं.. जो यहां हर अहसास और भावना रिश्तों के तराजू में तुलने के लिए बेबस है।

जीवन मोड़ पर बिछड़ा ...

तिनका- तिनका नीड़ बनाया 
उस पर सारा प्रेम लुटाया
फिर एक हवा का अल्हड झोका..जड़ को चेतन..चेतन को जड़ करने आया
नीड़ मेरा थर -थर थराया..उसका तिनका- तिनका बिखरा और मेरा मन ऐसे बिफरा
जैसे जीवन मोड़ पर बिछड़ा ...  


यथार्थ


नन्ही सी एक कली खिली
देख दुनिया की रंगीनियां
कली मुस्काई शरमाई 
सोचकर यही की बन जायेगी 
वो भी एक दिन सुन्दर फूल
मिलेंगे उसे भी नाज़ुक हांथों
के स्पर्श, मन ही मन नन्ही कली सकुचाई 
कली थी अनजान की बसंत के साथ पतझड़ भी आता है
जब -जब सारे पते झड़ जाते है और तब बगीचा ...बगीचा नहीं उजाड़ नज़र आता है
कली यथार्थ के धरातल से टकराई ...फूल बनंने से पहले ही नन्ही कली मुरझाई




सोमवार, फ़रवरी 22, 2010

नकारात्मक भी एक सृजन हैं

मेरी इन कविताओं को देखकर या पढ़कर मुझे नकारात्मक माना जा सकता है, लेकिन मैं कहती हूं, मेरी इस नकारात्मक प्रवृति ने मुझे जीवन में कई बार ठोकर खाने के बाद भी जीवन के इस संग्राम में खड़े होने की और इसे जीतने की प्रेरणा दी है॥ तो फिर मैं कहती हूं कि कुछ लम्हें बस यूं ही आते है, लेकिन बहुत कुछ समझा और सीखा के चले जाते है॥ कुछ इस तरह।

हां ऐसा भी होता है जिन्दगी में...जब अपनी ही जिन्दगी बेगानी सी लगती है।तब दूर-दूर तक कोई आस नहीं होती, जीवन के लिए प्यास भी नहीं होती..और फिर अपनी ही जिन्दगी का बोझ सहना मुश्किल हो जाता है..सारी शिक्षाएं, सारे उपदेश तब मुंह चिढ़ाते से लगते है।चाहकर भी कुछ ना कर पाने की कसक, रह-रह के मन मे उठती है। और फिर मन खुद को ढाढ़स बधाता है। एक बार फिर से सारी शक्ति को बटोरकर जीवन के महासमर में उतरने को ललकारता है, लेकिन एक नहीं दो बार नहीं अनगिनत बार इस महासंग्राम में पराजय का सामना करता इंसान क्या करें ........और क्या ना करें की कशमकश में उलझता है..फिर भी पार पाने की एक कोशिश जिंदा रहती है.. हालांकि लोग तोलते है इन परेशानियों को पाप और पुण्य के तराजू  में... लेकिन पाप और पुण्य में क्या कोई वास्तव में फर्क कर पाया है। भागती हुई सी इस जिंदगी में क्या एक पल भी सुकून का किसी ने पाया है... यदि हां तो उसने देव भाग्य पाया है।

शनिवार, फ़रवरी 20, 2010

शायद फिर मुझे सुकून मिले।

जीवन के उतार चढ़ाव इंसान को इस कदर झकझोर देते है, कि वह अपनी रूचियों, अभिरूचियों से भी कतराने लगता है, लेकिन जब हारकर कुछ नहीं मिलता तो वह इन्हीं में सुकून और नया रास्ता तलाश करने की कोशिश करता है। सर्विस को तिलांजलि देने के बाद मेरे पास भी इन दिनों इतना समय है कि मैं अपने बारे में सोच पाऊं॥ कहते है ना कि इंसान का अकेलापन उसे स्वंय को जानने का बेहतर मौका प्रदान करता है। अपने को जानने की इस प्रकिया में मैंने निश्चय किया कि जीवन के - अबतक के सफर में जब-जब मेरी भावनाओं, संवेदनाओं ने शब्दों की शक्ल इख्तियार की..वह सब में अपने ब्लॉग मित्र के माध्यम से व्यक्त कर दूं। मेरी लेखन की शुरूआत कविता से हुई..याद नहीं कि कब पहली कविता लिखी, लेकिन जब में १० वीं क्लास में थी तो मेरे पिता जी के एक कवि मित्र जिनका अब देहांत हो चुका है के माध्यम से मुझे पता चला कि मैं भी कुछ लिख सकती हूं। उन्हीं के कहने पर मैंने देशभक्ति विषय पर आयोंजित कविता प्रतियोगिता में भाग लिया और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। इसके बाद कई कहानियां, कविताएं लिखी॥ लेकिन न वो किसी को दिखा पाई और ना ही संग्रह कर पाई।
जीवन के इस सफर में जो भी अनुभव और महसूस किया कागज पर उतारती चली गई। जो कुछ बच गया उसे अपने ब्लॉग पर प्रस्तुत करने की कोशिश कर रही हूं। शायद फिर मुझे सुकून मिले।
कुछ ऐसे ही अहसासों के साथ शुरू करती हूं।


प्यार परिचय को पहचान बना देता है।
गीत वीराने में गुल खिला देता है।
यह आपबीती कहती हूं, पराई नहीं हूं।
दर्द आदमी को इंसान बना देता है।
राह में मनचाहा मोड़ लिया करती हूं।
हवाओं के झोकों से होड़ लिया करती हूं।
खुशनसीब होने का मैं नकाब ओढ़ लिया करती हूं।
चाहत जब-जब भी करती हूं, फूलों से कि कांटो से रिश्ता जोड़ लिया करती हूं
..........और कुछ इस तरह मैं ज़िंदगी का रूख मोड़ लिया करती हूं।

गुरुवार, अक्टूबर 15, 2009

रचनात्मकता नियमों में बंधी है क्या



रचनात्मकता किसी समय और लेखनी के नियम नहीं मानती... वो तो जब -तब खुद ही कागज पर आकर शब्दों की शक्ल ले लेती है. मेरी इन दो पंक्तियों  के साथ भी ऐसा ही कुछ है..मेरे लाख चाहने के बाद भी मैं इन्हें छंद और लय में आगे बढ़ने मैं खुद को असमर्थ पा रही हूँ ...फिर भी आगे बढ़ने की कोशिश की है... 


किस मोड़ पर लाकर छोड़ा है। जीवन एक बिछोड़ा है।
पल-पल ऐसा तोड़ा है, हंसी को जैसे जोड़ा है।
अल्हड स्वपन सलोने मन के आने से भी है अब कतराते ..
आंसू दर्द से होड़ लगाते ..हम फिर भी है सह जाते


बुधवार, सितंबर 23, 2009

हम लांघ गए शायद संतोष की सीमाएं.


गज़ल की ये पंक्तियां मुझे अपने इतने करीब लगी कि मैं आम्रपाली से इसे अपने संग्रह में शामिल करने से खुद को रोक नहीं पाई।



सीनें में धधकती हैं आक्रोष की ज्वालाएं...हम लांघ गए शायद  संतोष की सीमाएं..पग-पग पर प्रतिष्ठित हैं पथभ्रष्ट दुराचारी....इस नक्शे में हम खुद को किस बिन्दु से दर्शाएं....बांसों का घना जंगल, कुछ काम न आएगा, हां खेल दिखाएंगी कुछ अग्नि शलाकाएं...बीरानी बिछा दी है मौसम के बुढ़ापे ने, कुछ गुल न खिला बैठें यौवन की निराशाएं...तस्वीर दिखानी है भारत की तो दिखला दो, कुछ तैरती पतवारें, कुछ डूबती नौकाएं...

बुधवार, अगस्त 12, 2009

अन्नदाता ही जहां है मोहताज

अन्नदाता ही जहां खुदकुशी करने पर मजबूर हो, ऐसा देश कब तक विकास पथ पर बढ़ेगा। देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है रक्षा, अनुसंधान, तकनीकी सभी तरफ से, लेकिन क्या ये विकास सही अर्थों में विकास है.. नहीं कतई नहीं...कृषि प्रधान इस देश की नियति है मानसून प्रधान कृषि और इस व्यवसाय पर देश की आधी आबादी निर्भर करती है यानि गांवों में बसने वाला किसान हमारा अन्नदाता। जब हमारा अन्नदाता ही केवल कुछ रूपयों के लिए खुदकुशी का रास्ता इख्तियार करें तो इस विकास को क्या कहेंगे आप। हाल ही में यूपी के 70 साल के एक किसान ने केवल इसलिए कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली कि वह अपनी पोती के ब्याह के लिए लिया गया एक लाख रूपए का कर्जा चुकाने में असमर्थ था.. क्योंकि सूखे के कारण उसके फसल से होने वाली आमदनी खत्म हो गई। यूपी ही क्यों कामोबेश देश के सभी राज्यों में किसानों की यहीं स्थिति है..161 जिलें सूखा प्रभावित घोषित कर दिए गए..और आला हुक्मरानों ने राज्यों द्वारा प्रभावित किसानों को दी जाने वाली डीजल सब्सिडी की 50 प्रतिशत भरपाई करने की घोषणा भी कर दी, लेकिन क्या इससे खुदकुशी करने वाले किसानों के परिवारों कोई राहत मिल पाएगी ये कहना मुश्किल है, क्योंकि ये हमारे देश की विडम्बना है कि यहां मर्ज का इलाज तब शुरू किया जाता है जब वह लाईलाज बन जाता है। क्यों भुखमरी से निपटने के लिए तैयार किए गए राष्ट्रीय ग्रामीण गांरटी योजना जैसे कार्यक्रम सफल नहीं होते, क्यों पहले से ही ऐसे इंतजाम नहीं किए जाते कि हर पेट को अन्न और हर हाथ को काम मिले... क्योंकि ना तो सरकारी तंत्र और न ही हमारी कार्यप्रणाली में ये मुद्दे प्राथमिकता के तौर पर लिए जाते है, हमारे यहां तो एक किसान की मौत से ज्यादा तव्वजो दी जाती है, टेस्ट मैच कहां होंगे, आईपीएल कहां खेला जाएगा, किस खिलाड़ी का मेडिकल टेस्ट कब होगा.. कौन किसान कहां मरा, कैसे मरा इससे हमें क्या लेना-देना.. बीसीसीआई जैसी बड़ी संस्थाएं क्या अपने खजाने में से इस आधी आबादी के लिए कुछ करने का माद्दा नहीं रखती। नहीं.. क्यों सूखे के समय किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए ऐसे सुरक्षात्मक इंतजाम नहीं किए जाते जो किसी मंत्री की तबियत खराब होने पर, किसी सेलीब्रेटी को हादसे उबारने के लिए किए जाते है.. अन्न को मोहताज जब अन्नदाता ही होगा, तो फिर ऐसे विकास और प्रगति पर हमें फक्र नहीं बल्कि शर्म आनी चाहिए।

कोई पैकरे एहसास से ढाले हमकों

रात में चैनल सर्फिंग करते हुए अचानक मैं एक चैनल पर आकर रूक गई, इस चैनल पर चुनाव सर्वेक्षण की तरह ही महिलाओं की स्थिति पर दर्शकों से प्रश्न पूछे गए थे और उन प्रश्नों का परिणाम चैनल दिखा रहा था... मसलन ऑफिस में महिला बॉस होने पर पुरूष की क्या मनोस्थिति होती है॥ क्या महिलाओं का पहनावा ही छेड़छाड और बलात्कार का कारण होता है॥ फंला... फंला॥ आदि। इन प्रश्नों के जवाब सुनकर भी मुझे कोई आश्चर्य नहीं हुआ, क्योंकि हमेशा की तरह ही महिलाओं को ही तलवार की नोंक पर रखा गया था, गोया कि नैतिकता और चरित्रता का ठेका तो महिलाओं के कांधों पर ही होता है। आश्चर्य तो इस बात पर हुआ कि २१ वीं सदीं जिसे महाविकास का काल कहा जाता था, वहां भी महिलाओं को लेकर पुरूष मानसिकता में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। क्यों प्रकृति की देन हमारी शारीरिक संरचना ही हमेशा निशाने पर होती है, क्यों कोई पुरूषों की शारीरिक संचरना पर टिप्पणी नहीं करता।क्यों उनके हर पहनावे को जायज ठहराया जाता है। क्यों पुरूषों को अपनी शारीरिक संरचना को लेकर अभद्र बातें सुनने को नहीं मिलती, क्यों उन्हें लेकर सवाल-जवाबों की वो लंबी फेहरिस्त नहीं होती जिसका अक्सर महिलाओं को सामना करना पड़ता है। क्यों कि नारी को केवल उसकी शारीरिक बनावट को अलग रखकर केवल इंसान के तौर नहीं लिया जाता। कहीं भी तरक्की करने वाली महिला का सीधा संबंध उसकी मेहनत से ना जोड़कर नाहक ही शारीरिक रिश्तों से जोड़ दिया जाता है। मुझे भी अपने कार्यक्षेत्र में ये सुनने को कई बार मिला लड़की है ना इसलिए न्यूज आसानी से मिल जाती है, क्यों किसी ने ये नहीं देखा कि जला देने वाली धूप में भी यहीं लड़की रोज अपनी बीट पर जाकर मेहनत करती है, फोन पर खबरों का इंतजाम नहीं करती। काम करने के बाद भी ये सुनने को मिलना की तुम लड़की हो अगर मैंने तुम्हारी तरक्की के लिए कहा तो लोग गलत अर्थ में लेंगे॥रह भर कर कहीं मेहनत का थोड़ा बहुत क्रेडिट मिला भी तो उसकी खुशी होने के जगह दुख ही हुआ, क्योंकि फिर वहीं शरीर आड़े आ गया॥ " यार तुमको अगर अपनी तरक्की पानी है तो एक काम करना होगा जो कि तुम्हारे बस का नहीं है" ये जुमला मेरा एक पुरूष सहयोगी अपने पुरूष साथी से कह रहा था॥ क्या कहूं कि उसके ये शब्द मेरे कानों में पिघले शीशे से भी बुरा असर कर रहे थे॥ ये तो एक बार ही है, लेकिन ऑफिस में बैठकर अनगिनत बार मुझे अपने काम के लिए नहीं बल्कि इन जुमलों से बाहर आने के लिए मानसिक व्यायाम करना पड़ा। महिलाओं के काम को क्यों उनकी मेहनत के आधार पर नहीं तोला जाता, क्यों हर निगाह उनके काम को उनके शरीर के आधार पर नापती है... और मैं कहती हूं कि यदि महिला के कार्यस्थल पर किसी पुरुष सहयोगी के साथ संबंध है भी तो उसको उसके काम और तरक्की से जोड़ना किस हद तक सही है। प्रकृति ने ही पुरूष और नारी का संबंध ऐसा बनाया है कि उनका एक-दूसरे की तरफ झुकाव होना स्वाभाविक है, फिर क्यों नारी इन सब वजहों के लिए दोषी ठहराई जाती है। एक दो मामलों को छोड़ दे तो शायद ही पुरूषों को अपने कार्यस्थल पर अपनी तरक्की होने पर इस तरह के जुमलों का सामना करना पड़ता हो। बेनजीर भुट्टो हो इंदिरा गांधी हो या किरन बेदी या फिर मदर टेरेसा कहीं ना कहीं उन्हें भी ये दंश भरे जुमले सुनने को जरूर मिले होंगे चाहे पल भर के लिए ही सही॥ प्रकृति के दी इस शारीरिक बनावट में महिलाओं का क्या दोष है ये मुझे आज तक समझ नहीं आया। नारी यदि प्रतिकार करें तभी भी वह दोषी है और प्रतिकार ना करे तब भी गाज उस पर ही गिरती है॥ कब वो सहर आएगी जब हम केवल इंसान होगी, महिला, लड़की या नारी नहीं।

रविवार, मई 24, 2009

कि अब ज़िन्दगी फिसल गई

बहुत चाह के भी आज मेरे मन में उमड़ रहे भाव शब्दों की शक्ल लेने से इंकार कर रहे है, लेकिन मेरे अंदर का कवि मन मुझे कह रहा है रचनात्मकता से नाता तोड़ के तू जी नहीं पाएगी। इसलिए जो भी जैसा भी बन पड़े लिखने की कोशिश तो कर ॥ बस फिर यहीं मेरी...



क्या कहें की शब्द कुछ थम से गए है अब॥
आस ही नहीं रही कि अब ज़िन्दगी फिसल गई.
पात-पात सा झर गया जीवन से मधुमास..
स्वप्न ही नहीं, नींद भी हुई उदास॥
हम हैं क्या, क्यों है हम, अहसास भी ये है कम॥
मोड़ पर खड़े रहे हम और राह बढ़ गई...
आंधियों के गुबार में ज़िन्दगी निकल गई॥
शाम हो ..सहर हो..कि अब नहीं रहा असर॥
ज़िन्दागानी के इस सफर में मंजिलें है खो गई॥
सिलसिला ये यूं चला की हाय उम्र ढल गई...
जब तलक उठे हम की रूह भी निकल गई॥
मीत अश्क बन गए और हम जर्द हो गए।

गुरुवार, अप्रैल 16, 2009

एहसास जो कृति में ढल गए

ये कुछ पंक्तियां नीरज जी के ब्लॉग से मैंने अपने संग्रह में शामिल की है॥
इन्हें पढ़कर ऐसा लगता है कि कई अहसास ऐसे होते है जो इतने गहरे होते है कि कागज पर आते ही बेहतरीन कृति बन जाते है॥

"गुलशन की बहारों मैं, रंगीन नज़ारों मे , जब तुम मुझे ढूंढोगे, आँखों मे  नमी मे होगी,
महसूस तुम्हें हर दम, फिर मेरी कमी होगी...
 आकाश पे जब तारे, संगीत सुनायेंगे
 बीते हुए लम्हों को, आँखों मैं सजाओगे, तन्हाई के शोलों मे, जब आग लगी होगी
 महसूस तुम्हे हर दम फिर मेरी कमी होगी...
सावन की घटाओं का जब शोर सुनोगे तुम, बिखरे हुए माज़ी के राग चुनोगे तुम
माहौल  के चेहरे पर जब धूल जमी होगी
महसूस तुम्हे हर दम फिर मेरी कमी होगी
जब नाम मेरा लोगे तुम कांप रहे होगे आंसू  भरे दामन से मुँह ढांप रहे होगे रंगीन घटाओं की जब शाम घनी होगी महसूस तुम्हें हर दम फिर मेरी कमी होगी.............. "

सोमवार, मार्च 30, 2009

बात निकली है तो दूर तलक जाएगी..

दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हमारा देश और उससे भी बढ़कर उसके नागरिकों को प्राप्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार और इसके साथ ही कार्यपालिका, व्यवस्थापिका और न्यायपालिका पर नजर रखने के लिए बना चौथा स्तम्भ यानि मीडिया॥ अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम , लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का पुरजोर बना यह चौथा स्तम्भ ही इस अधिकार पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है॥ यहां ये साफ कर देना जरूरी है कि यह केवल मेरा अनुभव और व्यक्तिगत राय है॥ हो सकता है कई लोग मेरी इस बात से इत्तेफाक न रखते हो, लेकिन वहीं है ना अभिव्यक्ति है, इसलिए इस अधिकार का प्रयोग करना एक जागरूक नागरिक होने के नाते मैं जरूरी समझती हूं॥ बात अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और उसके पक्षधर मीडिया पर आती है तो आज मीडिया में स्थापित और सालों से लेख लिखने वाले कुछ पुरस्कारों से नवाजे गए भद्रजनों को ही पत्रकार कहा जाता है और उन्हीं की बात पत्थर की लकीर की तरह अक्षरश: सही मानी जाती है... उन्हीं की अभिव्यक्ति को सही और जायज ठहराया जाता है॥ कुछ अपवादों को छोड़ दिया जाए तो ये सिल्वर स्पून मुंह में लिए पैदा होते है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नायक बन जाते है, लेकिन जिनके मुंह में बचपन से ही सुख -सुविधाओं की आदत हो। सभी सहज और सुलभ हो तो क्या वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ सही मायनों में समझ पाते है॥ यहां मैं यह पूछना चाहती हूं कि क्या एक अच्छे स्तर पर पहुंच गए इंसान की अभिव्यक्ति ही हमेशा सही होती है॥ क्या भगवान ने उन्हें इस चीज का ठेका दे दिया है॥ क्या निचले स्तर पर काम कर रहा इंसान हमेशा गलत ही सोचता है और अर्नगल ही लिखता है॥उसके शब्द तुच्छ और बेकार ही होते है॥ उसकी आपबीती बकवास ही होती है, क्योंकि वह किसी सम्मानित पत्रिका या अखबार का इंटरव्यू और लेख नहीं बन सकती॥क्योंकि उसका कोई स्तर नहीं होता॥ केवल इसलिए उसकी अभिव्यक्ति बेकार और रद्दी की टोकरी में डालने लायक ही होती है, लेकिन यह भी सच है कि हर किसी इंसान की रचनात्मक शक्ति अलग होती है और अभिव्यक्ति भी ॥ जरूरी नहीं कि सम्मानित जनों की अभिव्यक्ति ही समाज को सही दिशा देने का काम कर सकती है॥कभी -कभी आधारहीन जीवन जी रहे इंसान की अभिव्यक्ति भी रोशनी का दिया दिखा सकती है... मीडिया में उच्च पदस्थ व्यक्तियों को बस अपना अंह त्याग कर यह समझने की जरूरत है और फिर मीडिया में एक नया दौर शुरू होने से कोई नहीं रोक सकता॥ संघर्ष कर रहा हर इंसान केवल अपने फायदे और स्वार्थ के लिए नाहक और बेकार की बातें नहीं करता॥ वो तो चाहता कि संघर्ष तो हो, लेकिन योग्यता और योग्यता के बीच और विचारों और धारणाओं के मध्य, ना कि चाटुकारिता और अपना हाथ ऊपर रखने की परिपाटी को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष करना पड़े॥ बस इतना ही कहूंगी मीडिया में आने वाले प्रत्येक इंसान को यह गुनगुनाना चाहिए। " मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है॥पल दो पल मेरी हस्ती है पल दो पल मेरी जवानी है...मुझसे पहले कितने शायर आए और आकर चले गए, मुझसे बेहतर कहने वाले, तुमसे बेहतर सुनने वाले॥ मैं भी एक पल का किस्सा हूं वो भी एक पल का किस्सा थे.. कल तुम से जुदा हो जाऊंगा"

बुधवार, मार्च 25, 2009

हिन्दुस्तान की परिपाटी रही है महिला पत्रकारों को अनदेखा करना

इन दिनों मीडिया जगत में हिन्दुस्तान खबरों की वजह से नहीं बल्कि दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली के वरिष्ठ स्थानीय संपादक प्रमोद जोशी द्वारा वरिष्ठ पत्रकार शैलबाला से दुर्व्यवहार किए जाने और एचटी मीडिया और प्रमोद जोशी के संयुक्त रूप से उनके और अन्य पत्रकारों पर मानहानि को लेकर चर्चा में बना हुआ है। यह तो शैलबाला जी थी जो उन्होंने आगे आकर अपने पर हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत की, लेकिन यहां मैं एक बात और बता देना चाहती हूं कि हिन्दुस्तान के एनसीआर के कार्यालयों में महिला पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार होना आम बात है॥ फिर चाहे वह गाजियाबाद हो फरीदाबाद हो या॥ मजे की बात है की कई महिला पत्रकार संगठनों में महिलाओं की अगुवाई करने वाली दैनिक हिन्दुस्तान की संपादक मृणाल पांडे के नक्शे कदम पर ये हो रहा है॥ सम्मानित पत्रकारों में गिनी- जाने वाली संपादिका महोदय को संस्थान में क्षेत्रवाद से फुर्सत मिले तो तब कहीं जाकर वह इन मुद्दों पर ध्यान दे पाए। कभी मेरे लिए आर्दश रही मृणाल पांडे आज मुझे एक दंभी और बनावटी औरत से ज्यादा कुछ नहीं लगती, यहां मेरा यह बताना आवश्यक है कि
उनसे मेरा कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है, लेकिन यह मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि उनके साथ काम करने वाली प्रत्येक महिला ने ऐसा ही अनुभव किया होगा, भले ही वह इसे सबके सामने प्रदर्शित करने से घबराती हों, लेकिन मेरी अंतरआत्मा मुझे ऐसा करने से नहीं रोकती, वह कहती है तुम कह डालो॥ नारी सरोकारो को दंभी और पांखड़ी लोगों के हाथों का खिलौना मत बनने दो... लगभग एक साल पहले ही बात है फरीदाबाद ब्यूरों में काम करते वक्त मेरे तत्कालीन ब्यूरो चीफ ने मुझे कई तरह से परेशान करना शुरू किया.. पहले तो मैं सहती रही॥ जब नहीं सहा गया तो मैं प्रतिरोध पर उतर आई, लेकिन मेरे ब्यूरो चीफ मुझसे कहते रहे कि मैं सही हूं और तुम नाहक ही मेरी कार्य प्रणाली में नुस्खे निकाल रही हो... जब उनका व्यवहार नहीं बदला तो मैंने सबसे पहले एनसीआर प्रभारी को इस बात की जानकारी दी, लेकिन वहां से भी मुझे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, इसके बाद मैंने वरिष्ठ स्थानीय संपादक प्रमोद जोशी को अपनी समस्या बताई, लेकिन कहते है ना कि चोर-चोर मौसेरे भाई... इतना ही नहीं मैंने उन्हें ये भी कहा कि आपकी भी बेटी है, कृप्या इस मामले को इस दृष्टि से देखने का प्रयास करें, लेकिन पत्रकारिता में इतने चिकने घड़े है कि गिनते -गिनते थक जाएंगे, लेकिन खत्म नहीं होंगे... मेरे मामले में ना कुछ होना था और ना हुआ, अंततः मैंने त्यागपत्र दे डाला, लेकिन मन में एक इच्छा थी की क्या मीडिया में काम करने वाली महिलाओं को ये सब सहना पड़ता है॥ इस ऊहापोह में जूझ ही रही थी कि मेरे एक सहयोगी ने मुझे मृणाल पांडे से मिलने की सलाह दी... बचपन से दूरदर्शन पर न्यूज एंकर के रूप में देखकर और शिवानी जी की पुत्री के रूप में उनकी बड़ी ही श्रद्धेय सी छवि मेरे मन में थी, बहरहाल उनसे मिलने उनके ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित निवास पर पहंच गई। इस आस के साथ की वह मुझे सुनेगी और कम से कम अन्य महिला पत्रकारों को सहूलियत हो जाएगी, लेकिन उनसे मिलना किसी बुरे सपने से कम नहीं था, पर्दे पर और बाहरी दुनिया में जहीन और विनम्र दिखने वाली मृणाल पांडे दनदनाती हुई अपने आलीशान घर की सीढ़ीयों से जींस और टॉप पहने उतर रही थी॥ अंतिम सीढ़ी पर उनके पहंचते ही मैं उनके सामने अपनी बात रखने जा पहंची, लेकिन मेरी बात सुनना तो दूर उन्होंने मेरी तरफ देखना भी गंवारा नहीं किया॥लेकिन मैं भी अपनी बात कहने के लिए कृतसंकल्प होकर आई थी, इसलिए साथ ही उनके बड़ी सी आलीशान गाड़ी की तरफ मैं भी चल पड़ी... परेशानी है तो नौकरी छोड़ दो॥ मैडम मैंने नौकरी छोड़ दी है॥ प्रमोद जोशी से जाकर ऑफिस में मिलों, मुझे इससे कोई मतलब नहीं है। धड़ाक से कार का दरवाजा बंद होता और मेरे नजरों के सामने मेरे बचपन की आर्दश रही मृणाल पांडे तानाशाह की तरह गुजर जाती है...उनके इस दंभी व्यवहार ने मुझे एक बात सीखा दी कि जब -तक किसी से मिल ना लो उसे आर्दश मत बनाओ॥यह तो रही मेरी बात लेकिन हिन्दुस्तान के ही सहयोगियों ने मुझे बताया कि दिल्ली में कार्यरत महिला पत्रकार नरगिस हुसैन ने उनसे अपनी गर्भावस्था के दौरान छुट्टी मांगी तो उन्होंने उसके मुंह पर इतनी जोर से अखबार पटक कर मारा, हालांकि यह मेरी आंखों देखी घटना नहीं है, लेकिन एनसीआर प्रभारी रही इरा झा के साथ भी उन्होंने कुछ ऐसा ही व्यवहार किया और प्रमोद जोशी को शह देती रहे। मैं इस बात के विश्वास से नहीं कह सकती, लेकिन इतना सुना है कि प्रमोद जोशी उनके दूर के भाई लगते है॥ ऐसे भाई -भतीजावाद निभाने वाले लोगों को पत्रकार नहीं कहा जा सकता वो भी वरिष्ठ पत्रकार की पदवी॥न तो मृणाल पांडे को महिला संगठनों की अगुवाई करने का हक है और ना किसी समसामयिक विषय और राजनीति पर लेख लिखने का॥ वह तो हिन्दुस्तान में एक महिला डॉन की तरह पदासीन है और उनके गुर्गे ॥ इससे मुझे याद आया कि गाजियाबाद में भी एक महिला पत्रकार के साथ भी ऐसा अभद्र व्यवहार हुआ॥ जब उन्होंने इसकी शिकायत मृणाल जी के पंसदीदा दांए हाथ से की तो उसे मदद मिलने की बजाए॥संस्थान से बाहर निकाल देने की धमकी दी गई...चलो मृणाल जी को छोड़ भी दे तो महिला सांसद और हिन्दुस्तान की मालकिन शोभना भरतिया की समझ पर क्या पत्थर पड़ गए है जो वह इन मामलों में निष्पक्ष नहीं हो पा रही है... हिन्दुस्तान के लिए तो केवल यही कहा जा सकता है कि "अंजामें गुलिस्ता क्या होगा॥ जब हर शाख पर उल्लू बैठा है"

गुरुवार, मार्च 12, 2009

कई साल लग गए खुद को ही जानने में

अमृता प्रीतम की तरफ मेरा झुकाव बचपन से ही रहा है शायद तब से ही जब से उनके लिखे उपन्यासों और कहानियों पर आधारित सीरियल दूरदर्शन पर आया करते थे...तब केवल बस अपनी बुआ से सुनकर मुझे पता रहता था कि वह काफी बड़ी लेखिका है... लेकिन कुछ भी था मात्र १२-१३ साल की उम्र में भी उनका सृजन मुझे अपने जीवन के काफी करीब लगा... और शायद मेरी बुआजी भी इसलिए ही उन्हें पसंद करती थी... धीरे-धीरे पढ़ाई और युवावस्था के भंवर में मेरा ये लगाव कुछ कम हो गया, लेकिन एक बार फिर अमृता प्रीतम ने मेरे मन पर दोबारा से दस्तक दी , शायद सात साल पहले पत्रकारिता का कोर्स करते वक्त दोबारा से मेरी फरीदाबाद वाली बुआ के घर मुझे रसीदी टिकट पढ़ने को मिल गई। एक ही रात में इस किताब को मैं पढ़ गई और इस पर लिखा गीत... घूंट चांदनी पी है हमने... मेरे मन में अंदर तक उतर गया॥ अपनी निजी डायरी में मैंने यह पंक्तियां बड़े ही सुंदर अक्षरों में लिख डाली, लेकिन तब-तक भी इन पंक्तियों का भाव मुझ पूरे अर्थ में समझ नहीं आया या मैंने कोशिश ही नहीं की....लेकिन ठीक सात साल बाद यहीं पंक्तियां पढ़कर लगता है, कि यहीं तो थी मैं... जाने कब से खुद को ढूंढ रही थी॥ बात कुफ्र की है मैंने घूंट चांदनी पी है मैंने...
घूंट चांदनी की पी है हमने...
"पता नहीं, कौन कौन कहां कहां कब कब अपने प्रेम की चादर कम्बल या ओवर कोट पहना कर चला जाता है। कई बार जानते हैं, कई बार नहीं भी। कई बार जानकर भी नहीं जानते और कई बार नहीं जानकर भी जानते हैं...."

अम्बर की एक पाक सुराही ,बादल का एक जाम उठा कर घूंट चांदनी की पी है हमने .बात कुफ्र की की है हमने ...कैसे इसका क़र्ज़ चुकाएं .मांग के मौत के हाथों यह जो ज़िन्दगी ली है हमने .बात कुफ्र की की है हमने अपना इस में कुछ भी नहीं है ,रोजे -अजल से उसकी अमानत उसको वही तो दी है हमने ,बात कुफ्र की की है हमने ....

यहीं है प्यार

चित्रकार इमरोज की इन पंक्तियों को पढ़कर कई साल पहले प्रेम पर लिखी गई अपनी ही कुछ पंक्तियां अब मुझे बेमानी लगने लगी है... उन पंक्तियों को इस वक्त में यहां नहीं दे पा रही हूं...लेकिन समय मिला तो उन्हें यहां देने से गुरेज भी नहीं करूंगी। आखिर प्रेम की परिभाषा और उसे अपने विचारों और कविताओं में व्यक्त करने का समय मुझे मिल ही गया।


प्यार क्या है, कहां है..कैसे और कब होता है.. मैं नहीं जानती, लेकिन मैं सोचती हूं.. समझे जो तुम्हारी भावनाओं को ..दर्द और दुख बांटे तुम्हारा..खुशी का तुम्हें दिलाए अहसास. बने जो सच्चा सहारा तुम्हारा, सम्मान जो दिलाए तुम्हें.. सूरत से नहीं जो शिरत से करें प्यार..मन की सुंदरता और पवित्रता पर जिसे हो ऐतबार..मेरी नजर में यही है प्यार... यहीं है प्यार।
सच है न
"सारे रंग सारे शब्द मिल कर भी प्यार की तस्वीर नहीं बना पाते हाँ ! प्यार की तस्वीर देखी जा सकती है पल पल मोहब्बत जी रही ज़िन्दगी के आईने में ........"

मंगलवार, मार्च 10, 2009

आज फिर कुछ याद आया

अमृता प्रीतम पर आधारित ब्लॉग पर पढ़ी इन पंक्तियों ने मुझे आज कुछ ऐसा याद दिला दिया कि बस क्या कंहू॥ अतीत के सुनहरे पन्ने कहूं या सुनहली यादें या फिर पतझड़ के आगमन की शुरूआत ॥ किसी ने कहा था कि "तुम अपनी ज़िंदगी को अमृता प्रीतम की तरह जीना" क्या सोच के उस शख्स ने ये कहा था पता नहीं, लेकिन उस दिन मुझे उसकी ये बात चुभ सी गई थी, लेकिन आज महसूस करती हूं कि शायद ठीक ही कहा था॥ सच है कि अमृता प्रीतम जैसा इंसान सदियों में एक बार आता है, लेकिन इन सदियों में उनकी तरह भावों, अहसासों और सोच रखने वाले इंसान तो हो सकते है ना....

तेरी आँखों की मादकता याद आई बागों के पत्ते पर मोती चमकने लगे पर्वत एक नाज और अंदाज से सो रहे थे तेरे बिरहा ने मेरे दिल को बाहों में ले लिया पेडो पर बुलबुल के गीतों की आवाज उग आई फूलों के जाम सुगंधी से भरे हुए शाम की हवा ने सब जाम छलका दिए मेरे दिल में याद का प्याला छलक गया आज पानी के किनारे तेरी याद मैंने बाँहों में ले ली तेरी याद पत्थर सी ठंडी आज पानी के किनारे तेरी याद एक बेल सी नाजुक एक सपना नींद ने बाँहों में भर लिया ॥(आइबेक )

शब्द और आवाज जहां थम जाती है...

कुछ ऐसा होता है जब आप कुछ कहने, सुनने और यहां तक कि शब्दों में अपने को बयां करने लायक नहीं रहते तब कुछ गुनगुनाने को मन करता है .....

हाथ छुटे भी तो रिश्ते नहीं तोड़ा करते वक़्त की शाख से लम्हें नहीं तोड़ा करते ,जिसकी आवाज़ में सिलवट हो निगाहों में शिकन ऐसी तस्वीर के टुकड़े नहीं जोड़ा करते,शहद जीने का मिला करता है थोड़ा थोड़ा जाने वालों के लिए दिल नहीं तोड़ा करते, लगके साहिल से जो बहता है उसे बहने दोऐसी दरिया का कभी रुख नहीं मोड़ा करते